मंगलवार, 1 फ़रवरी 2022
जिद पूरी हुई
1997 का साल था। हांगकांग में रहने वाले गुओ गैंगटैंग के दो साल के बेटे गुओ शेनहेन का अपहरण हुआ। पुलिस में शिकायत हुई और केस दर्ज हुआ। हफ्ता बीता, महीना बीता और धीरे-धीरे साल बीतने की कगार पर आ गया। बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा।
अपना बच्चा खोने के बाद गुओ गैंगटैंग को चैन नहीं था। एक-एक दिन काटे नहीं कटता था। कहीं कुछ न होता देख गैंगटैंग खुद मोटरसाइकिल उठाकर बच्चे को ढूंढने निकल पड़ा। इधर-उधर पता लगाना शुरू कर दिया। उसने जिद ठानी कि जब तक बेटा नहीं मिलेगा वह ढूंढता ही रहेगा। सालों तक गैंगटैंग बाइक पर ही अपना जीवन बिताता रहा। उसका जीवन हिप्पी की तरह था। मोटरसाइकिल में दो से तीन झंडे लगे होते, जिनमें उसके बेटे की फोटो बनी होती। इस राज्य से उस राज्य, इस शहर से उस शहर गैंगटैंग मोटरसाइकिल से घूमता रहा। सारी जमा पूंजी खर्च हो गई, उधार चढ़ गया। कड़कड़ाती ठंड और झुलसाती गर्मी में गैंगटैंग का सहारा बस उसकी बाइक, बेटे के मिलने की उम्मीद और उसे ढूंढने का जुनून था। हालातों और किस्मत ने उसे हद दर्जे तक तोड़ने की कोशिश की। लेकिन, गैंगटैंग ने जिद नहीं छोड़ी। उसने पूरा चीन छान डाला। पांच लाख किलोमीटर बाइक चलाई। उसे पूरे सफर में 10 बाइकें बदलनी पड़ीं।
सफर जब शुरू हुआ था तो गैंगटैंग के मन में सवाल कौंधता कि मेरे साथ ही ऐसा क्यों हुआ? सफर ने उसे बहुत कुछ सिखाया। उसे पता चला कि उससे जैसे और उससे ज्यादा बुरा झेलने वालों की संख्या बहुत ज्यादा है। उसने देखा कि कई लोगों की सूनी आंखें अपनों की तलाश में हैं। गैंगटैंग को अपना बच्चा तो नहीं मिला, लेकिन उसने पूरे सफर में करीब-करीब 100 ऐसे बच्चों को छुड़ाया, जिनका अपहरण हुआ था। टीवी, अखबार हर जगह पर गैंगटैंग ही गैंगटैंग छा गया... मोटरसाइकिल वाला गैंगटैंग...। गैंगटैंग के संघर्ष पर 2015 में एक मूवी बनी- 'लास्ट एंड लव'।
- कहते हैं किस्मत कब मेहरबान हो पता नहीं। बीते रविवार को कुछ अविश्वसनीय हुआ। पुलिस ने गैंगटैंग के बेटे गुओ शेनहेन को हेनन प्रांत से ढूंढ निकाला। पुलिस ने उसका अपहरण करने वाले हू और उसकी गर्लफ्रेंड टैंग को भी गिरफ्तार कर लिया। पता चला दोनों ने शेनहेन का अपहरण करके एक अमीर घराने को बेच दिया था। पूरे 24 साल बाद गैंगटैंग को उसका बेटा मिला। 26 साल का शेनहेन नौजवान हो चुका था। पुलिस ने उसे जब उसके परिजनों से मिलवाया तो आंसू की झड़ी लग गई। पिता ने जोर से गले लगाया और कहा- "मेरी जिद थी, मैं तुम्हें ढूंढने के बाद ही मरूंगा।"
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें